* कश्यप समाज की 4 धर्मशालाओं के लिए 44 लाख रुपए की घोषणा, करनाल सैक्टर-14 का चौक और जुंडला राजकीय कालेज का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखा जाएगा
चंडीगढ़, (चंदर शेखर धरणी)- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल में आयोजित महर्षि कश्यप जयंती समारोह के दौरान भारी जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कश्यप समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप के जन्मोत्सव को रिस्ट्रिक्टेड अवकाश की लिस्ट में शामिल किया जाएगा। महर्षि कश्यप की जीवनी पर शोध के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महर्षि कश्यप चेयर स्थापित की जाएगी जिसके लिए इस वर्ष 15 लाख की राशि विश्वविद्यालय को दे दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि करनाल सैक्टर-14 का चौक महर्षि कश्यप के नाम से होगा तथा जुंडला राजकीय कालेज का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखा जाएगा। श्री मनोहर लाल ने कहा कि महर्षि कश्यप की जयंती हर साल ऐसे ही राज्य स्तरीय समारोह आयोजित करके मनाई जाएगी तथा उनके नाम पर एक अंत्योदय कौशल रोजगार केन्द्र भी खोला जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कश्यप समाज की 4 धर्मशालाओं करनाल, कुरुक्षेत्र, बिलासपुर और सफीदों के लिए 44 लाख रुपए अनुदान की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए और सबके समुचित विकास के लिए हर जिले में एक अंत्योदय कौशल विकास केंद्र खोला जाएगा ताकि हुनर को पहचान कर उसे तराशा जाए और युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर खुल सकें। महर्षि कश्यप जयंती पर आयोजित इस राज्य स्तरीय समारोह में उम्मीद से कहीं ज्यादा भीड़ जुटी और मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही घोषणाओं के दौरान तालियों की गडग़ड़ाहट और नारों से आकाश को गुंजायमान करती रही।
महर्षि कश्यप का प्रेरणादायक व्यक्तित्व सदैव करता रहेगा मार्गदर्शन : इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि दानवीर कर्ण की नगरी में इस महाआयोजन में शामिल होना उनके लिए अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनिराज कश्यप महान परोपकारी और प्रजापालक थे और उन्होंने समाज को एक नई दिशा देने के लिए स्मृति ग्रंथ और कश्यप संहिता जैसे महान ग्रंथों की रचना की। ऐसे महान ऋषि का प्रेरणादायक व्यक्तित्व मानव जाति का सदैव मार्गदर्शन करता रहेगा। मनोहर लाल ने कहा कि कश्यप समाज का इतिहास प्राचीन काल से ही गौरवपूर्ण रहा है। इस समाज ने रामायण काल में निषाद जैसे बलशाली राजा दिए। राजा निषाद ने ही वनवास के समय प्रभु श्री रामचंद्र जी को अपने यहां आश्रय दिया था। भक्त प्रहलाद भी इस समाज की देन हैं। महर्षि कश्यप का वंशज यह समाज, बहादुर और कमेरे वर्ग का समाज माना जाता है। आजादी के आंदोलन में इस समाज की बड़ी सराहनीय भूमिका रही है। इस समाज के लोग साहसी, वीर, परिश्रमी और स्वाभिमानी हैं और लोगों में अपार क्षमताएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों की जयंतियां राज्य स्तर पर मनाने की पहल हरियाणा सरकार ने की है। उन्होंने कहा कि हमारे संत-महात्मा, गुरु और महापुरुष न केवल हमारी अमूल्य धरोहर हैं बल्कि हमारी प्रेरणा भी हैं। ऐसी महान विभूतियों की शिक्षाएं पूरे मानव समाज की धरोहर हैं।
दानवीर कर्ण की नगरी के लिए ऐतिहासिक पल संजय भाटिया : करनाल के सांसद संजय भाटिया ने कहा कि महर्षि कश्यप जयंती राज्य स्तरीय समारोह करनाल में मनाया जाना दानवीर कर्ण की नगरी के लिए ऐतिहासिक पल है। इस समारोह में लोग अकेले नहीं बल्कि पूरे परिवार के साथ पहुंचे हैं। हम सभी महर्षि कश्यप की संतान हैं। राजनीति करने वालों ने हमें धर्म, पंथ, संप्रदाय के रूप में बांट दिया। हम विभक्त थे तभी 12 हजार सैनिकों के साथ आए बाबर ने इस देश पर कब्जा किया। अंग्रेज व्यापारी बनकर आए थे लेकिन यहां राज किया। शहीदों और गुरुओं ने इन से लडकऱ कुर्बानियां दी और आजादी प्राप्त की। 1947 में हमने आजादी प्राप्त कर ली लेकिन उनके इतिहासकारों ने उनके अनुसार इतिहास को लिखा। हमारे महापुरुषों के बारे में नहीं लिखा गया। जो गलतियां हम आजादी से पहले करते रहे, वहीं गलतियां हमने आजादी के बाद भी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का संकल्प लिया और इसके तहत देश भर में महापुरुषों के जीवन और उनके विचारों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ बनाएं संस्कारवान : रामकुमार कश्यप
इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि महर्षि कश्यप की जयंती के पावन पर्व पर कहा कि हमें बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान बनाना चाहिए। बच्चों को इतना निपुर्ण बनाना है कि वे नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि आज सर्व समाज को स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना है।
इस मौके पर अंबाला के सांसद रतनलाल कटारिया, कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी, विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, घरौंडा के विधायक हरविंदर कल्याण, पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, विधायक राम निवास, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. अमित अग्रवाल, मेयर रेणुबाला गुप्ता, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कृष्ण बेदी, पूर्व मंत्री कृष्ण पंवार, पूर्व विधायक सरदार बख्शीश सिंह विर्क, एडवोकेट रामकुमार कश्यप व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
|