चंडीगढ़ (उत्तम हिन्दू न्यूज): हरियाणा में भाजपा ने भाजपा ने बिना जजपा गठबंधन के अकेले ही चुनाव लड़ने का एलान किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने कहा कि भाजपा अपने स्तर पर निकाय चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के अधिकतर सदस्यों ने बिना गठबंधन चुनाव लड़ने का सुझाव दिया है। नगर परिषद का चुनाव सिंबल पर लड़ने का एलान किया है।
नगर पालिका स्तरीय चुनाव 5 सदस्यीय कमेटी को सौंपने का फैसला लिया है। चुनाव समिति की बैठक में निकाय चुनावों को लेकर मंथन किया गया। निकाय चुनावों को लेकर अंतिम फैसला एक जून को होगा। बता दें कि हरियाणा में भाजपा जननायक जनता पार्टी (जजपा) के सहयोग से सरकार चला रही है।
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक में दूसरे दिन प्रदेश के सीएम मनोहरलाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, गृहमंत्री अनिल विज, कृषि मंत्री जेपी दलाल, खेल मंत्री संदीप सिंह, शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा सहित सभी सांसद, विधायक शामिल हुए। दो दिवसीय बैठक में केंद्र सरकार की 8 साल की उपलब्धियों को रखा गया। बैठक में शहरी निकाय चुनाव को लेकर सबसे बड़ा मुद्दा रहा।
जिसमें प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों से सुझाव लिए गए। अधिकतर लोगों ने बिना गठबंधन चुनाव लड़ने का समर्थन किया। पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि जहां जजपा के विधायक हों वहां जजपा को मौका दिया जाए। अन्य सभी स्थानों पर भाजपा मजबूती से लड़े। करीब तीस से अधिक लोगों ने अपने सुझाव दिए। जिसमें अधिकतर ने बिना गठबंधन के चुनाव लड़ने का सुझाव रखा।
|