Sunday, June 4, 2023
ई पेपर
Sunday, June 4, 2023
Home » महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष ने मंच पर ही लगा दी सुक्खू की क्लास

महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष ने मंच पर ही लगा दी सुक्खू की क्लास

शिमला (उत्तम हिन्दू न्यूज): कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष और नादौन के विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कार्यक्रम में कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर नजर आई है। कांग्रेस प्रचार समिति की कमान संभालने के बाद रविवार को सुक्खू गलोड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समारोह में पहुंचे थे। समारोह के समाप्त होते ही वीरभद्र सिंह के निजी सचिव रहे ओंकार सिंह ठाकुर की धर्मपत्नी सुमन लता ने मंच पर आकर कांग्रेस की एकजुटता की पोल खोल दी।

सुमन लता महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं। सुमन लता ने सुक्खू को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि आप नहीं जानते कि हम भी कांग्रेस से जुड़े हैं। उन्होंने आरोप जड़ा कि वीरभद्र सिंह का समर्थक होने की वजह से सुक्खू ने अपने संबोधन में उनका नाम तक नहीं लिया। उन्हें सुक्खू ने दरकिनार करने की कोशिश की है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने सुक्खू को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि इस विषय को कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से उठाया जाएगा। मंच पर हंगामा होते देख कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने बीच बचाव करते हुए मामले को शांत करने की कोशिश की ताकि मामला और न बिगड़ जाए।

वहीं, सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उन्हें आश्वस्त किया कि दोबारा ऐसा नहीं होगा और उनको पूरा सम्मान दिया जाएगा। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने सुक्खू का पन्याली चौक पर भव्य स्वागत किया। युवाओं ने बाइक रैली निकाली। जनसभा को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि नादौन का विकास ही उनका लक्ष्य है। उन्होंने महंगाई पर केंद्र सरकार को कोसते हुए कहा कि जो गैस सिलिंडर 400 रुपये का मिलता था, भाजपा सरकार के समय 1,100 रुपये में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार आने पर ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) लागू कर दी जाएगी।

GNI -Webinar

@2022 – All Rights Reserved | Designed and Developed by Sortd