नयी दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज): कोरिया में तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण के पदक विजेता तीरंदाजों को मंगलवार शाम को यहां इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में सम्मानित किया गया।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और दिल्ली ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने विजेता तीरंदाजों को सम्मानित किया। भारत ने इस प्रतियोगिता में 23 सदस्यीय टीम उतारी थी और पांच पदक जीते जिसमें एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल थे। विजेता तीरंदाजों के साथ अन्य सदस्य और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य भी मौजूद थे।
यह सम्मान समारोह ठीक उसी जगह हुआ जहां कुछ देर पहले मुक्केबाजों को सम्मानित किया गया था। स्वर्ण पदक विजेता टीम में अभिषेक वर्मा ,अमन सैनी और रजत चौहान शामिल थे। तीरंदाजों ने समर्थन के लिए देशवासियों को धन्यवाद दिया। तीरंदाजों का अगला लक्ष्य पेरिस में होने वाला विश्व कप का तीसरा चरण होगा।
|