दो महासचिव, एक सचिव व कोषाध्यक्ष पद महानगर के खाते में
लुधियाना/ प्रतीक जैन –पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म्दिवस पर पंजाब भाजपा की टीम का ऐलान करते हुए पंजाब के सभी क्षेत्रों को जोड़ते हुए लुधियाना से 4 नेताओं को अपनी टीम हेतु ढूंढ निकाला है। इनमें महानगर से अनिल सरीन, परमिंदर सिंह बराड़, गुरदेव शर्मा देबी व रेणु थापर शामिल है।
संगठन की बारिकियों ने भलीभांति वाकिफ अनिल सरीन
पंजाब भाजपा में मुख्य प्रवक्ता, उपाध्यक्ष, सचिव व प्रवक्ता रहने के साथ साथ भाजयुमो में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके अनिल सरीन को सुनील जाखड़ द्वारा प्रदेश महासचिव का महत्वपूर्ण पद दिया है। बचपन से संघ कार्यकर्ता के तौर पर कार्यरत सरीन करीब 1980 से सक्रिय राजनीति में है। संगठन के साथ साथ प्रशासन की समझ रखने वाले अनिल सरीन 6 वर्षों तक पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन के सदस्य रह चुके है। पार्टी द्वारा 2019 में प्रदेश चुनाव इंचार्ज भी लगाया जा चुका है। 1986 में फिरोजपुर से लुधियाना आए पेशे से वकील अनिल सरीन पर पार्टी द्वारा संगठन, प्रशासन व मीडिया मैनेजमेंट के चलते यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
परमिंदर बराड़ की हुई प्रमोशन, महासचिव नियुक्त
युवाओं में बड़ा चेहरा व वरिष्ठ वकील परमिंदर बराड़ पर सुनील जाखड़ ने काफी भरोसा जिताया है। अश्विनी शर्मा की टीम में सचिव रहे बराड़ को महासचिव का प्रभावशाली पद मिला है। भाजपा से पूर्व अकाली दल में रहे बराड़ को 2019 में पंजाब विश्वविद्यालय में एसओआई को वापस सत्ता में लाने हेतु जाना जाता है। सोशल मीडिया की जबरदस्त जानकारी रखने वाले बराड़ पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर बादल के ओएसडी भी रह चुके है। पंजाब के बेहतरीन साइकिल चालकों में से एक परमिंदर बराड़ राष्ट्रीय साइकिलिंग चौंपियन भी है। इसके साथ ही पंजाब राइफल शूटिंग एसोसिएशन के भी उपाध्यक्ष व वरिष्ठ उपाध्यक्ष रह चुके है।
छठी बार लगातार प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाएंगे गुरदेव देबी
स्व. कमल शर्मा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, अश्विनी शर्मा की टीम में प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके गुरदेव शर्मा देबी पर सुनील जाखड़ ने भी विश्वास जिताया है। इतिहास में पहली बार भाजपा में कोई नेता लगातार छठी बार एक पद पर नियुक्त हुआ है। इसके लिए देबी ने जाखड़ सहित पूरी भाजपा हाईकमान का धन्यवाद करते हुए विश्वास दिलाया कि वे संगठन की मजबूती हेतु हमेशा संघर्षशील रहेंगे।
नारी शक्ति पर विश्वास: तीसरी बार प्रदेश सचिव बनी रेणु थापर
नारी शक्ति पर विश्वास करते हुए सुनील जाखड़ ने वरिष्ठ भाजपा नेत्री रेणु थापर को अपनी टीम में सचिव बनाया है। विभिन्न सामाजिक संगठनों में शामिल रेणु थापर ने घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने का कार्य किया है। 1997 में जिला महिला मोर्चा अध्यक्षा से सक्रिय राजनीति में रही थापर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्षा, शिकायत निवारण कमेटी पंजाब की सदस्य व प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी निभा चुकी है। मौजूदा, वे भाजपा महिला मोर्चा हिमाचल प्रदेश की इंचार्ज थी।
|