चडीगढ़/चंद्र शेखर धरणी : हरियाणा में विकसित भारत संकल्प यात्रा 25 नवंबर से शुरू होने जा रही है। हरियाणा भाजपा के प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा ने कहा है कि योजना के अंतर्गत हरियाणा में 57 रथ चलेंगे जो एक दिन में दो गांवों को कवर करेंगे। 25 जनवरी 2024 तक यह यात्रा हरियाणा के सभी शहर, गांवों, कस्बों और वार्डों में जाएगी और इस दौरान हेल्थ कैंपों का आयोजन भी किया जाएगा जिनमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवंबर, 2023 को झारखंड के खूंटी से इस अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गरीब कल्याण के निमित्त मोदी-मनोहर सरकार की योजनाओं का लाभ शत- प्रतिशत धरातल पर पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि भाजपा हरियाणा के कार्यकर्ताओं में इस यात्रा को लेकर काफी उत्साह है। डा. संजय शर्मा ने कहा कि यात्रा के माध्यम से लाभार्थियों का फीडबैक लेना और जिन नागरिकों को योजनाओं का लाभ नहीं मिला है उन्हें योजनाओं से जोडऩा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा का फोकस प्रमुख सरकारी योजनाओं की शत-प्रतिशत परिपूर्णता हासिल करना है। भाजपा मीडिया प्रमुख ने बताया कि ’’विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ के अंतर्गत आने वाले रथों में पत्रक और किताबें उपलब्ध होंगी। उन पुस्तकों को पढक़र हम सभी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी ले सकते हैं। डा. शर्मा ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अब तक की सबसे व्यापक पहुंच वाली पहल है।
|