Tuesday, March 19, 2024
ई पेपर
Tuesday, March 19, 2024
Home » अजिंक्य रहाणे के करियर को मिला जीवनदान, आरसीबी-राजस्थान से निकाले गए शिवम दुबे बने CSK के संकटमोचक

अजिंक्य रहाणे के करियर को मिला जीवनदान, आरसीबी-राजस्थान से निकाले गए शिवम दुबे बने CSK के संकटमोचक

नई दिल्ली(उत्तम हिन्दू न्यूज)- भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे साल 2022 की शुरुआत में जब टेस्ट टीम से बाहर हुए तो वह काफी दबाव में थे। उनका आईपीएल 2022 में भी प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। रहाणे को कोलकाता नाइटराइडर्स ने भी टीम से बाहर कर दिया था। आईपीएल में उन्होंने अपना बेस प्राइस घटाया और 50 लाख के ग्रुप में खुद को शामिल किया। जब आईपीएल के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हुई तो रहाणे पर चेन्नई सुपरकिंग्स के अलावा किसी ने बोली नहीं लगाई। सीएसके ने उन्हें 50 लाख रुपये में खरीद लिया।

रहाणे के लिए चेन्नई ने नीलामी से पहले ही प्लान बना लिया था। टीम के सीईओ काशी विश्वानाथन की इस बारे में कोच स्टीफन फ्लेमिंग और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से बात भी हुई थी। रहाणे के साथ फ्लेमिंग राइजिंग पुणे सुपर जाएंट्स में काम कर चुके थे। वह उनके अनुशासन के फैन थे। वहीं, धोनी की कप्तानी में रहाणे ने टीम इंडिया में काफी खेला था। कोच और कप्तान की जोड़ी को रहाणे पसंद थे।

चेन्नई को नहीं थी यह उम्मीद
चेन्नई को उम्मीद थी कि रहाणे 50 लाख रुपये से ज्यादा में बिकेंगे। इसके लिए फ्रेंचाइजी ने तैयारी भी कर ली थी। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ। रहाणे के लिए चेन्नई के अलावा किसी ने बोली ही नहीं लगाई। चेन्नई सुपरकिंग्स ने रहाणे को 50 लाख रुपये में ही खरीद लिया। मुंबई इंडियंस के खिलाफ रहाणे को खेलने का मौका मिला। उन्हें टॉस से कुछ समय पहले तक पता नहीं था कि वह प्लेइंग इलेवन में है। बेन स्टोक्स और मोईन अली के चोटिल होने के बाद टीम को एक अनुभवी खिलाड़ी की आवश्यकता थी। रहाणे को मौका मिला और उन्होंने मौके पर चौका मार दिया।

शिवम दुबे बने चेन्नई के नए सिक्सर किंग
रहाणे के अलावा एक और खिलाड़ी ने सबका दिल जीता। उसका नाम शिवम दुबे है। दुबे ने इस सीजन में लंबे-लंबे छक्के लगाए। उन्होंने कुल 35 छक्के लगाए। वह किसी एक सीजन में चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में शीर्ष पर पहुंच गए। दुबे ने पूर्व दिग्गज शेन वॉटसन की बराबरी कर ली। वॉटसन ने 2018 में 35 छक्के लगाए थे। दुबे चेन्नई के नए सिक्सर किंग बन गए।

GNI -Webinar

@2022 – All Rights Reserved | Designed and Developed by Sortd