Friday, September 22, 2023
ई पेपर
Friday, September 22, 2023
Home » कलायत के गांव चोशाला में आप के सीनियर वाइस प्रसिडेंट अनुराग ढांडा ने की जनसभा

कलायत के गांव चोशाला में आप के सीनियर वाइस प्रसिडेंट अनुराग ढांडा ने की जनसभा

कलायत/कैथल(उत्तम हिन्दू न्यूज)- आम आदमी पार्टी के सीनियर वाइस प्रसिडेंट अनुराग ढांडा ने सोमवार को कलायत के गांव चोशाला में जनसभा की। वहां पर कार्यकर्ताओं ने सीनियर वाइस प्रसिडेंट अनुराग ढांडा का जोर-शोर से फुल मालाओं के साथ स्वागत किया। इसके बाद कैथल में जींद बाईपास से पार्टी के कार्यालय जनकपुरी तक ओपन जीप में रोड शो निकाला गया। इसके बाद प्रेसवार्ता की। फिर शाम को गांव खेड़ी सिंबल वाली में जनसभा को संबोधित किया।


उन्होंने जींद में 8 जून को आयोजित तिरंगा यात्रा के लिए आमजन को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि 8 जून को जींद की धरती पर आयोजित तिरंगा यात्रा में 2024 में बनने वाली आम आदमी पार्टी की नींव का पत्थर रखने के लिए दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान पहुंच रहे हैं। इस दौरान बंशी, सतपाल, मदन, रामकरण, किताब सिंह, बबली, अमृतपाल, श्याम लाल, मामचंद, बलवंत सिंह, रामेश्वर, रामदिया, मियां सिंह और रणधीर समेत सैकड़ों लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार आम आदमी पार्टी ऐसी पार्टी है जिसका जिले स्तर पर 1100 से ज्यादा पदाधिकारियों का सबसे बड़ा संगठन बना है। कुछ दिनों बाद ब्लॉक और गांव स्तर के 10 हजार से ज्यादा पदाधिकारियों का संगठन बनाएंगे, 2024 में आम आदमी पार्टी की सुनामी आएगी। आम आदमी पार्टी के एक महीने के सदस्यता ग्रहण अभियान में 11 लाख 77 हजार सदस्य बने। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पिछले 9 साल में भी संगठन नहीं बना पाए तो हरियाणा में क्या बनाएंगे और भाजपा के पन्ना प्रमुख सड़ चुके हैं। आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी इनके सारे पन्ने फाड़ देगी।


उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के पहलवानों के टैलेंट की बेकदरी की है। प्रदेश की जनता में खट्टर सरकार के प्रति गुस्सा है, 2024 में सुद समेत इसका बदला लेंगे। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार ने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया। प्रदेश में खट्टर सरकार को 8 साल हो गए ना सड़कें बनी, ना स्कूल और ना मुलभूत सुविधाएं मिली। प्रदेश के स्कूल-अस्पतालों का बुरा हाल है। सरकारी स्कूलों में शौचालय और पीने का पानी तक नहीं हैं। बजट आने पर सीएम खट्टर कहते हैं कि 800 स्कूलों में बैंच लगाएंगे। इसका मतलब 8 साल में सीएम खट्टर ने कुछ नहीं किया। खट्टर ने केवल प्रदेश को लूटने का काम किया है। इन्होंने सिर्फ जात-पात और धर्म की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि बस एक मौका आम आदमी पार्टी को दो, दिल्ली और पंजाब वालों ने एक मौका दिया था तो अब वहां दूसरी पार्टियों को कोई नहीं पूछता। क्योंकि जनता को जो चाहिए वह आम आदमी पार्टी देती है। ये इलाका सबसे पिछड़ा, इसलिए आम आदमी की सरकार में सबसे ज्यादा फायदा यहीं के लोगों को होगा।

उन्होंने कहा कि जनता को कृषि कानून नहीं चाहिए थे भाजपा ने जबरदस्ती दे दिए। ये सब वो कानून बनाएंगे जो जनता को नहीं चाहिए। 75 साल पहले जब भारत आजाद हुआ था तो भगत सिंह जैसे शहीदों ने सोचा होगा कि अब अगली पीढ़ी को वो सब सुविधाएं मिलेंगी जो अंग्रजों के बच्चों को मिलती थी। तब भी हमारी मांग यही थी कि जनसुविधाएं मिलेंगी और आज 75 साल बाद भी यही मांगें हैं। कितनी पार्टियां आई और वोट लेकर चली गई, किया कुछ नहीं। आम आदमी पार्टी लोगों को मुलभूत सुविधाएं देती है। प्रदेश के हर गांव और शहर में आम आदमी पार्टी के इन्हीं कामों की चर्चा है।

उन्होंने कहा कि 2024 में बीजेपी का सुपड़ा साफ होगा और कांग्रेस आम आदमी पार्टी के वादों को कॉपी कर रही है। अब पूर्व सीएम हुड्डा कहते हैं कि प्रदेश में 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे, कांग्रेस हमारे 300 यूनिट के वादे की नकल कर रही, लेकिन नकल के लिए अक्ल भी चाहिए। जब हरियाणा में 10 साल राज किया तब वे कहां थे। तब उनका हाथ पकड़ने कौन आया था कि नहीं मुफ्त में बिजली मत दो। हुड्डा कहते हैं कि ये मेरा आखिरी चुनाव है फिर पांच साल बाद उनसे जवाब कौन लेगा।

राजस्थान और हिमाचल में कांग्रेस की सरकार है वहां क्यों नहीं बिजली फ्री देते। हरियाणा में कुछ भी फ्री नहीं फिर भी 3 लाख करोड़ का कर्जा और दिल्ली में सबकुछ फ्री देने के बाद भी सरकार मुनाफे में है। अब इनके झांसे में नहीं आना है। उन्होंने कहा कि एक बार दिल्ली के स्कूल और पंजाब में जाकर दखो कि बिजली मुफ्त दी है या नहीं। अगर आम आदमी पार्टी का काम पसंद आए तो वोट देना नहीं तो मत देना।

उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियां आपको जात-पात समझाएंगी और वोट मांगेंगी, लेकिन जात-पात से किसी का भला नहीं होता। दिल्ली के स्कूलों में जब कोई दाखिला लेने आता हैं तो जात-पात नहीं पूछी जाती। दिल्ली के अस्पतालों में किसी भी जाति का आए उसका अच्छा इलाज होता है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर सबको फ्री बिजली मिलेगी। जब स्कूल में मुफ्त शिक्षा मिलेगी, अस्पताल में मुफ्त इलाज होगा तो जात-पात देखकर नहीं होगा। जब ये लोग आएं तो इनके बहकावे में मत आना। उन्होंने कहा कि पंजाब में 117 में से 92 सीटें आई, जालंधर में कांग्रेस के 60 साल पुराने गढ़ को तोड़ा। अब 2024 में हरियाणा में भी आम आदमी पार्टी सभी का सुपड़ा साफ करेगी।

इस मौके पर जिला प्रधान गज्जन सिंह, मास्टर सतबीर गोयत, लोकसभा अध्यक्ष सुमित हिंदुस्तानी, स्टेट ज्वाइंट सेक्रेटरी पुरुषोत्तम सरपंच, जिला पार्षद राकेश खानपुन, संयुक्त सचिव जगवीर हुड्डा, संयुक्त सचिव कृष्णा नंद, सोनिया शर्मा और सुखबीर चहल मौजूद रहे।

GNI -Webinar

@2022 – All Rights Reserved | Designed and Developed by Sortd