अमृतसर/दीपक मेहरा : पंजाब सरकार के आदेशों तहत प्रशासन द्वारा 15 वर्ष पुराने डीजल पेट्रोल ऑटो बंद कर शहर में ई-ऑटो रिक्शा चलवाने के विरोध में ऑटो रिक्शा वालों में भारी रोष पाया जा रहा है। इसी सिलसिले तहत छेहरटा आटो युनियन ने प्रधान रणजीत सिंह खापडख़ेड़ी की अध्यक्षता में आप सरकार व प्रशासन के खिलाफ सैंकड़ों आटो रिक्शा चालकों ने आटो के चक्का जाम कर जोरदार नारेबाजी करते हुए रोष प्रदर्शन किया। आटो चालकों द्वारा शहर के हर कोने में खड़े होकर आने जाने वाले आटो रिक्शा व बसों के पहिए रोककर सरकार खिलाफ अपनी भड़ास निकाली, जिस कारण शहर आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस मौके प्रधान रणजीत सिंह खापडख़ेड़ी, अवतार सिंह बासरके, हरपाल सिंह खपरखेड़ी, बाऊ वडाली, सुखविंदर धतल, हरजीत सिंह वडाली, साहिब सिंह वडाली, बब्बू वडाली, रणजीत सिंह, परगट सिंह खापडख़ेड़ी, हरपाल सिंह चक्की वाले ने कहा कि सरकार शहर से डीजल पेट्रोल ऑटो बंद करने से हजारों घर अपने परिवार के पालन पोषण से वंचित हो जाएंगे। उन्होंने ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आप सरकार व प्रशासन शहर में नियमों की धज्जियां उड़ा रही बसों व जुगाड़ू वाहनों पर कोई कार्रवाई न करते हुए सिर्फ आटो चालकों पर ही कार्रवाई कर रहे हैं जबकि शहर में लाखों घरों का चुल्हा आटो चलाने से ही चलता है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार व प्रशासन ने आटो रिक्शा चालकों की समस्या का समाधान नहीं किया तो जल्द ही पूरे शहर में बड़ी तादाद में धरना प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम किया जाएगा।
|