शिमला (उत्तम हिन्दू न्यूज): हिमाचल प्रदेश में मई में मौसम ने कई रिकॉर्ड तोड़े। राजधानी शिमला में मई में 36 साल बाद बादल झमाझम बरसे हैं। इस वर्ष मई में शहर में 177.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे पहले वर्ष 1987 में इसी माह 250.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई थी। इस वर्ष मई के अधिकांश दिनों में शिमला में बारिश का दौर जारी रहा। वहीं, मई में धर्मशाला में पहली बार सबसे कम न्यूनतम पारा 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश के कई क्षेत्रों में शनिवार को भी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली।
पिछले दिनों से जारी बारिश से शुक्रवार को कुछ राहत मिली। राजधानी शिमला में शाम के दौरान बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में सामान्य से 10 डिग्री की कमी दर्ज हुई। प्रदेश में बदले मौसम के चलते सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई भागों में छह जून तक मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं। इस दौरान कुछ भागों में बारिश व ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। चार व पांच जून को मैदानी भागों में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
शिमला में न्यूनतम तापमान 9.9, सुंदरनगर 14.9, भुंतर 13.5, कल्पा 5.6, धर्मशाला 14.2, ऊना 16.2, नाहन 16.9, केलांग 3.7, पालमपुर 12.8, सोलन 14.0, कांगड़ा 16.7, मंडी 15.5, बिलासपुर 17.0, हमीरपुर 17.1, चंबा 15.1, डलहौजी 9.0, जुब्बड़हट्टी 13.0, कुफरी 6.7, कुकुमसेरी 5.1, नारकंडा 5.2, भरमौर 10.0, रिकांगपिओ 8.8, सेऊबाग 12.5, धौलाकुआं 19.4, बरठीं 17.4, मशोबरा 8.4, पावंटा साहिब 22.0, सराहन 9.0 और देहरा गोपीपुर में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
शुक्रवार को धौलाकुआं में अधिकतम तापमान 32.2, शिमला 18.2, डलहौजी 16.0, चंबा 26.8, केलांग 11.7, धर्मशाला 23.0, कांगड़ा 25.7, भुंतर 20.2, हमीरपुर 30.6, सुंदरनगर 21.6, बिलासपुर 23.0, कल्पा 13.5, नारकंडा 12.0 और कुफरी में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
|