शिमला(उत्तम हिन्दू न्यूज)- हिमाचल के मंडी जिले के करसोग उपमंडल में खरोड़ी के पार गुरुवार को हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस के खाई में गिरने 40 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि एचआरटीसी की यह बस मैंढी से करसोग आ रही थी। खरोड़ी के नजदीक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस दो चीड़ के पेड़ों के बीच में फंस गई, इस कारण बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा बस गहरी खाई में जा सकती थी। हादसे के समय बस चालक और परिचालक सहित करीब 40 लोग सवार थे। सभी को हल्की चोटें आई हैं। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं। घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस उपाधीक्षक गीतांजलि ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस एवं पुलिस की टीम घटना स्थल के लिए रवाना हुई। सबसे पहले घटना स्थल पर स्थानीय लोग पहुंचे और घायलों को सड़क तक पहुंचाने में मदद की।
इसके अलावा आरएम करसोग, तहसीलदार और डीएसपी करसोग घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रशासन के पहुंचने से पहले हालांकि स्थानीय लोगों ने ही घायलों को निकाल लिया था और अपने वाहनों में ही अस्पताल ले गए। वहीं हादसा उपमंडल से 10 किलोमीटर दूर होने के बावजूद प्रशासन के देरी से पहुंचने पर और परिवहन निगम की खटारा बसें रूट पर भेजने के खिलाफ लोगों ने नारेबाजी की। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़कों की हालत खस्ता है और खटारा बसों को रूटों पर भेजा जा रहा है। इससे आये दिन इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है।
|