भाजपा और समाजसेवी चेतना संस्था के माध्यम से सामग्री के आवंटन की प्रक्रिया शुरू –
बिलासपुर/सुमन डोगरा : प्राकृतिक आपदा से उबरने के लिए हिमाचल को केंद्र से लगातार मदद दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जरूरतमंद लोगों के लिए खाद्य सामग्री भी भेजी है। जेपी नड्डा द्वारा अपने गृह जिला बिलासपुर के सैकड़ों प्रभावित लोगों की मदद के लिए भेजी गई इस सामग्री की पहली खेप वीरवार को पहुंची। भाजपा और समाजसेवी चेतना संस्था के माध्यम से इस सामग्री के आवंटन की प्रक्रिया भी तुरंत प्रभाव से शुरू कर दी गई है। हिमाचल में प्राकृतिक आपदा से हुई तबाही से निपटने के लिए इस पर्वतीय राज्य को केंद्र से हरसंभव मदद मिल रही है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अहम भूमिका रही है। नड्डा खुद दो बार हिमाचल का दौरा करके नुकसान का जायजा लेने के साथ ही प्रभावितों से मुलाकात कर चुके हैं। उनके प्रयासों से ही 800 करोड़ से अधिक की आर्थिक मदद के साथ ही सडक़ों की हालत सुधारने के लिए 400 करोड़ रुपये अलग से मंजूर हुए हैं। इसी तरह प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के फेज़-3 के तहत प्रदेश के लिए 2643 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा बेघर लोगों के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक लगभग 11 हजार मकान भी मंजूर हो चुके हैं। बरसात में हुई तबाही में काफी संख्या में लोग बेघर हुए हैं। कई लोगों के मकान ढह गए हैं, जबकि दरारें आने के कारण कइयों के घर रहने के लिए सुरक्षित नहीं रहे हैं। प्रभावित परिवार अलग-अलग स्थानों पर रह रहे हैं। अपने गृह जिला बिलासपुर के ऐसे परिवारों की मदद के लिए जगत प्रकाश नड्डा ने खाद्य सामग्री भेजी है। इस सामग्री की पहली खेप वीरवार को बिलासपुर पहुंची। इसमें आटा, दालें व चावल जैसी सामग्री है। एक-एक महीने के राशन की इन किटों को जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों के आपदा प्रभावित और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी तत्काल शुरू कर दी गई है। यह सारी सामग्री भाजपा और बिलासपुर की समाजसेवी चेतना संस्था के माध्यम से वितरित की जा रही है। सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, चेतना संस्था के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, महासचिव हरीश नड्डा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य स्वदेश ठाकुर और सदर मंडल अध्यक्ष हंसराज ठाकुर ने प्रभावित परिवारों के लिए मदद भेजने पर जेपी नड्डा का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कोरोना महामारी के दौरान भी जेपी नड्डा ने सेनेटाइजर, मास्क, पीपीई किट, ग्लव्स और ऑक्सीमीटर जैसी सामग्री के साथ ही जरूरतमंदों की मदद के लिए खाद्य सामग्री भी भेजी थी। इसी कड़ी में अब उन्होंने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए लोगों के लिए मदद भेजी है। भाजपा कार्यकर्ताओं और चेतना संस्था के वालंटियर्स के माध्यम से यह सामग्री जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों सदर, घुमारवीं, झंडूता और नयनादेवी के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
|