नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज): अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। इससे पहले उन्होंने 2020 में डोनाल्ड ट्रंप को हराया था और जनवरी 2021 में राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। बताया जा रहा है कि उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी दोबारा उपराष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी पेश करेंगी।
बाइडेन ने कहा कि चार साल पहले जब मैंने चुनाव लड़ा तो कहा था कि हम अमेरिका की आत्मा को बचाने की लड़ाई लड़ रहे। अब भी ऐसा ही है। हर पीढ़ी के पास एक ऐसा मौका आता है, जब उन्हें लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़े होना पड़ता है। यह मौलिक स्वतंत्रता के लिए होता है। इसलिए मैं संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए दोबारा चुनाव लड़ने जा रहा हूं। बता दें, 15 अप्रैल को बाइडेन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव लड़ने का संकेत भी दिया था। 2020 में भी बाइडेन ने 25 अप्रैल को ही अपनी उम्मीदवारी का ऐलान किया था।
आपकी जानकारी के लिए बता दें, बाइडेन अमेरिका के इतिहास में सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति हैं। यदि वह फिर से चुनाव जीतते हैं तो वह अपने दूसरे कार्यकाल के अंत में 86 वर्ष के हो जाएंगे। डॉक्टर्स बाइडेन की सेहत से जुड़े टेस्ट कर चुके हैं। बावजूद इसके उनके फिर से चुनावों में उतरना एक ऐतिहासिक कदम है।
|