-मंत्री विजय सिंगला को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने का मुख्यमंत्री भगवंत मान का फैसला स्वागत योग्य
-भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों की आप में कोई जगह नहीं
चंडीगढ़/विज आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे मंत्री विजय सिंगला को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के फैसले का स्वागत किया है। ‘आप’ पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि मान सरकार भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई मंत्री या विधायक ही क्यों न हो।
मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में जारी बयान में कंग ने कहा कि लोगों को भगवंत मान से प्रदेश से भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए बड़ी उम्मीदें हैं। वे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे अपने ही मंत्री डॉ. विजय सिंगला को कैबिनेट से बर्खास्त कर मुख्यमंत्री ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। सिंगला ने विभागीय टेंडर जारी करने के लिए एक प्रतिशत कमीशन(रिश्वत) की मांग की थी। शिकायत मिलते ही मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की जांच की और सबूत हासिल किए जिसके बाद मंत्री सिंगला से पूछताछ की गई और भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध होने पर उन्होंने डॉ. विजय सिंगला को कैबिनेट से बाहर कर उनके खिलाफ तुरंत पुलिस कार्रवाई का आदेश दिए।
‘आप’ नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार और भ्रष्ट लोगों से कोई समझौता नहीं करेंगे, क्योंकि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से निकली पार्टी है। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 2015 में भ्रष्टाचार के आरोप में अपने एक मंत्री को दिल्ली कैबिनेट से निष्कासित कर दिया था। साफ है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की राजनीति ईमानदारी पर आधारित है।
कंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश की एकमात्र पार्टी है जहां भ्रष्टाचार और भ्रष्ट लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। पंजाब की जनता भी अन्य पार्टियों की तरह बेईमानी की राजनीति नहीं बल्कि भ्रष्टाचार मुक्त ईमानदारी की राजनीति चाहती है।
|