Saturday, September 23, 2023
ई पेपर
Saturday, September 23, 2023
Home » प्रदेशवासी इनेलो को सत्ता सौंपने को आतुर: कर्ण चौटाला

प्रदेशवासी इनेलो को सत्ता सौंपने को आतुर: कर्ण चौटाला

सिरसा (उत्तम हिन्दू न्यूज): हरियाणा में सिरसा जिला परिषद चेयरमैन व इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के युवा नेता कर्ण सिंह चौटाला ने रविवार को सिरसा हलके के गांव फूलकां, मोचीवाली, डिंग, नहराणा, शेरपुरा, चाडीवाल, अलीमोहम्मद व नेजिया आदि में जनसंपर्क कर ग्रामीणों को आगामी सात जून को सिरसा जिले में प्रवेश करने वाली परिवर्तन यात्रा में शामिल होने का न्यौता दिया। इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए युवा इनेलो नेता कर्ण सिंह चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में चल रही परिवर्तन यात्रा से पूरे हरियाणा में एक नया नजरिया उभरकर आया है और लोग प्रदेश की सत्ता इनेलो को सौंपने को आतुर हैं।

उन्होंने कहा कि नौ सालों तक प्रदेश की सुध न लेने वाले मुख्यमंत्री मनोहर लाल अब हरियाणा में जनसंवाद अभियान में जुटे हैं मगर सिरसा में जिस प्रकार मुख्यमंत्री ने बहन बेटियों सहित सिरसावासियों का अपमान किया, वह कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की मौजूदा गठबंधन सरकार से प्रत्येक वर्ग बुरी तरह से परेशान है और इससे छुटकारा चाहता है।

उन्होंने दावा किया कि इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला को इस परिवर्तन यात्रा के माध्यम से जो प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, उससे यह सुनिश्चित है कि वर्ष 2024 में होने वाले हरियाणा विधानसभा के चुनावों में हरियाणा में परिवर्तन अवश्य होगा और प्रदेशवासी इनेलो को ही सत्ता सौंपेंगे क्योंकि प्रदेशवासी जानते हैं कि सभी वर्गों के हित केवल इनेलो शासन में ही सुरक्षित हैं। हरियाणा का वास्तविक विकास भी केवल इनेलो ही करवा सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सात जून को जिले के गांव चाहरवाला के माध्यम से प्रवेश करने वाली परिवर्तन यात्रा का स्वागत करने के लिए काफी संख्या में एकत्रित हों। उनके साथ अनेक गुरवीन्द्र गिल सरपंच, नरेश सहारण, रणधीर जोधकां सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद थे।

GNI -Webinar

@2022 – All Rights Reserved | Designed and Developed by Sortd