जालंधर/हेमंत कुमार : गांधी कैंप वार्ड नंबर 69 कबीर मंदिर वाली गली में बिना बारिश के सीवरेज ओवरफ्लो हो रहे हैं। मंदिर से लेकर मार्किट तक कई जगह सीवरेज ओवरफ्लो होकर बह रहे हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। अफसरों की उदासीनता के चलते वर्षों पुरानी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। सीवरेज ओवरफ्लो से जो गंदा पानी निकल रहा है, वह कई-कई दिन तक जमा रहता है। इस पर मच्छर पनप रहे हैं और डेंगू और मलेरिया को बढ़ावा मिल रहा है। इस सडक़ मार्ग से प्रतिदिन सैंकड़ों लोग गुजरते हैं। यहां से उठने वाली बदबू के कारण सभी लोग परेशान रहते हैं। इ
इस समस्या की शिकायत कई बार अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा। गांधी कैंप में यह समस्या पिछले कई सालों से बनी हुई है। आज तक कोई समाधान नहीं हो सका। सीवरेज का गंदा पानी गलियों में भरा हुआ है। इससे गलियों में से निकलने तक का रास्ता नहीं है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान की मांग की।
गांधी कैंप के लोगों ने कहा कि समस्या को लेकर उन्होने कई बार पार्षद को अवगत करा दिया। लेकिन इसके बाद भी उनकी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। पार्षद केवल वोट लेने के लिए आते है उसके बाद लोग किस परेशानी से जूझ रहे है इसके बारे में कोई पार्षद सुध नहीं लेता।
|