Friday, March 29, 2024
ई पेपर
Friday, March 29, 2024
Home » सुक्खू ने देहरा में 20.59 करोड़ की परियोजनाएं कीं समर्पित

सुक्खू ने देहरा में 20.59 करोड़ की परियोजनाएं कीं समर्पित

शिमला (उत्तम हिन्दू न्यूज): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार कांगड़ा जिला के देहरा में 20.59 करोड़ की विकासात्मक परियोजनाएं समर्पित कीं। सुक्खू ने हरिपुर में 3.66 करोड़ की लागत से निर्मित नये बस अड्डे, 3.94 करोड़ की लागत से गलुआ से मैहवा पंचायत घर से टटांह सम्पर्क मार्ग और 1.44 करोड़ की लागत से गुलेर-ढंगर संपर्क मार्ग के सुदृढ़ीकरण का लोकार्पण किया। उन्होंने 6.50 करोड़ की लागत से धार से ढंगर वाया लूंसू सड़क और 5.05 करोड़ की पीर बड़ सत्संग घर से राधा स्वामी सत्संग घर वाया पनयाली सड़क की आधारशिला रखी।

मुख्यमंत्री ने हरिपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ‘देहरा मेरा’ का नारा देते हुए कहा कि देहरा का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देहरा के बनखंडी में 300 करोड़ की लागत से एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का जूलौजिकल पार्क स्थापित किया जाएगा। तीन वर्ष की समय अवधि में इसके बनकर तैयार होने की सम्भावना हैं और इसके स्थापित होने से 5000 स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

इसके अलावा, सरकार पौंग झील में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दे रही है और इसके लिए 70 करोड़ रुपये आबंटित किए गए हैं। क्षेत्र में हॉट एयर बैलून गतिविधि तथा फ्लोटिंग होटल के निर्माण की योजना तैयार की जा रही है।उन्होंने कहा कि देहरा में एक केन्द्रीय विश्वविद्यालय खोला जा रहा है। सुक्खू ने स्थानीय विधायक होशियार सिंह की मांग पर क्षेत्र में पांच नए बस रूटों के संचालन और भविष्य में बीडीओ कार्यालय का पुनर्गठन करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, देहरा विधानसभा क्षेत्र में दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और स्विमिंग पूल के साथ एक इनडोर स्टेडियम निर्मित किए जाएंगे।

विधायक होशियार सिंह ने विकासात्मक योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव सरोज शर्मा ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय कोष के लिए 51 हजार रुपये का चेक भेंट किया।

GNI -Webinar

@2022 – All Rights Reserved | Designed and Developed by Sortd