मंडी/राजन पुंछी : मंडी ने ही जयराम ठाकुर को नेताप्रतिपक्ष बनने लायक बहुमत दिया है। आपदा में सबसे अधिक नुक्सान भी मंडी संसदीय क्षेत्र में ही हुआ है। मगर इस आपदा के दौर में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और अन्य भाजपा के नेता बयानबाजी ही कर रहे हैं। शुक्रवार को राज महल होटल में पत्रकार वार्ता करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि जयराम ठाकुर जब सरकार में थे तो पलटू राम थे वे अपने ही फैसले बदलते रहते थे। मगर अब आपदा को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम व अन्य भाजपा नेता झूठ बोलने की मशीन बन गए हैं। जब भी उनके मुंह से निकलता है तो झूठ ही निकलता है। कौशल ने जयराम ठाकुर से सवाल किया कि मेरी मंडी हमारी मंडी कहने वाले जयराम ठाकुर बताए कि केंद्र से वे मंडी के लिए किस मंत्रालय से कितनी मदद लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के 25 में से 12 विधायक मंडी संसदीय क्षेत्र से हैं। अब मंडी के लोग पूछ रहे हैं कि क्या इसके लिए भाजपा को वोट दिए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित उतराखांड और भुज के लिए विशेष पैकेज जारी किया जाता है जबकि हिमाचल को भाजपा सत्ता में न लाने की सजा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में भारत सरकार विदेशों में भी सहायता करती है। मगर हिमाचल की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भारतीय गणतंत्र का एक राज्य है। हिमाचल प्रदेश में आई आपदा में राज्य सरकार के अलावा केंद्र सरकार की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई इस आपदा में करीब चार सौ लोगों की मौत हो गई। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने इस बारे एक भी शब्द का ट्वीट नहीं किया। जिस तरह से मणिपुर की घटनाओं को लेकर प्रधानमंत्री चुप रहे उसी प्रकार हिमाचल प्रदेश में आई आपदा पर भी चुप्पी साधे रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा को लगता है कि प्रदेश में आई इस आपदा को लेकर लोग नाराज होंगे और आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका फायदा होगा। लेकिन प्रदेश के लोग सब देख व महसूस कर रहे हैं।
|