चंडीगढ़, (चन्द्र शेखर धरणी)- हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाये रखने के साथ-साथ नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निवारण, महिला सुरक्षा, नशाखोरी पर लगाम और भ्रष्टाचार समाप्त करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शत्रुजीत कपूर आज फरीदाबाद में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इससे पूर्व फरीदाबाद पहुंचने पर पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर एडीजीपी कानून एवं व्यवस्था ममता सिंह भी उपस्थित थीं। उन्होंने कहा कि रात के समय यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए ओला, उबर और अन्य ऑटो चालको का डाटा एकत्रित किया जाएगा। हरियाणा पुलिस महानिदेशक ने कहा कि महिलाओं में सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से राज्य में जल्द ही सेफ सिटी परियोजना शुरू की जाएगी ताकि महिलाएं अपने आपको कार्यस्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक परिवहन में पूरी तरह से सुरक्षित महसूस करें।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य महिला में सुरक्षा की भावना को बढ़ाना है और उनके माता-पिता की चिंता को काम करना है। उन्होनें कहा कि रात के समय यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए ओला, उबर और अन्य आटो चालको का डाटा एकत्रित किया जाएगा। जो महिलाएं देर रात यात्रा करती हैं वह 112 नंबर पर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं जिससे पुलिस के पास उनका नंबर स्थाई रूप से फीड हो जाएगा। यात्रा करने वाली महिलाएं किसी भी कैब या ऑटो से यात्रा करते समय अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से वाहन या चालक की फोटो खींचकर 112 पर भेज सकती हैं जिससे पुलिस को पता लग जाएगा कि वह महिला किस वाहन में यात्रा कर रही है। जरूरत पडऩे पर पुलिस उस वाहन चालक या उसमें बैठी महिला से आसानी से संपर्क कर सकती हैं।
|